भाजपा ने गुरुवार को बिहार भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा की है। बिहार भारतीय जनता पार्टी ने बिहार प्रदेश में अपने प्रदेश अध्यक्ष को बदल दिया है। अब बिहार में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी होंगे। इनकी नियुक्ति को लेकर आधिकारिक ऐलान भाजपा की तरफ से कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद पर डॉ. संजय जायसवाल के रहते जिस तरह से विधान परिषद् में प्रतिपक्ष के नेता सम्राट चौधरी की चली थी, उससे यह आसार बन रहे थे। गुरुवार को बिहार भाजपा के नए अध्यक्ष के रूप में सम्राट चौधरी के नाम की घोषणा हो गई। पूर्व मंत्री शकुन चौधरी के बेटे सम्राट चौधरी बीजेपी में आने से पहले जेडीयू में थे। राज्यपाल द्वारा मनोनीत सदस्य के रूप में जेडीयू ने सम्राट चौधरी को विधान परिषद में एंट्री करवाया था। लेकिन अपने पिता एवं HAM के प्रदेश अध्यक्ष शकुन चौधरी के पक्ष में प्रचार के कारण जेडीयू सम्राट चौधरी से किनारा कर लिया था। जेडीयू ने सम्राट से न केवल किनारा किया, बल्कि दल-बदल कानून के आधार पर विधान परिषद् की उनकी सदस्यता भी छिनवा दी। समय बदला और फिर नीतीश कुमार भाजपा के साथ आ गए, हालांकि तब तक सम्राट चौधरी ने भाजपा के अंदर अपनी जगह बना ली थी। अब जब एक बार फिर नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनता दलके साथ महागठबंधन की सरकार चला रहे हैं तो विधान परिषद् के अंदर-बाहर सम्राट चौधरी विपक्ष की सबसे बुलंद आवाज माने जाते हैं।
